राधे पटेल / गरियाबंद कोलकाता/झारग्राम। पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के एक झालमुड़ी विक्रेता को कथित तौर पर जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। यह वही दुकानदार है जिसकी दुकान पर PM NARENDRA MODI ने हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान रुककर झालमुड़ी खाई थी। घटना के बाद दुकानदार राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार दुकानदार का नाम विक्रम साव बताया गया है। विक्रम साव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप संदेश मिल रहे हैं। कुछ कॉल पाकिस्तान और बांग्लादेश से आने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक धमकी देने वालों ने दुकान को बम से उड़ाने और जान से मारने जैसी बातें कही हैं। विक्रम साव ने यह भी आरोप लगाया कि एक वीडियो कॉल के दौरान हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत दर्ज कर ली गई है और साइबर विशेषज्ञों की मदद से कॉल तथा संदेशों की जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर दुकान के आसपास पुलिस सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झारग्राम में विक्रम साव की दुकान पर रुके थे और झालमुड़ी खाते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके बाद विक्रम साव की दुकान को व्यापक पहचान मिली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


