गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पंपों पर बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर लगी रोक के बीच गरियाबंद जिले से एक ऐसा दिलचस्प मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक ने नियम तोड़ने के बजाय ऐसा देसी जुगाड़ निकाला कि लोग उसकी तारीफ करते नहीं थक रहे। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला गरियाबंद-रायपुर रोड स्थित शांति फ़्यूल्स पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। मंगलवार को अचानक पेट्रोल पंप परिसर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंची। ट्रॉली में कोई कृषि सामान या माल नहीं था, बल्कि उसमें एक मोटरसाइकिल रखी हुई थी। यह नजारा देखते ही पेट्रोल पंप कर्मचारी और वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ देर तक सभी की नजरें ट्रॉली में रखी बाइक पर ही टिकी रहीं।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण युवक अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। युवक ने आसपास पेट्रोल की व्यवस्था करने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोल पंपों पर बोतल और जर्किन में पेट्रोल देने पर लगी रोक के कारण उसे कहीं से पेट्रोल नहीं मिल पाया।
इसके बाद युवक ने हार नहीं मानी और गांव से गरियाबंद की ओर आ रहे एक ट्रैक्टर चालक से मदद मांगी। ट्रैक्टर चालक ने भी इंसानियत दिखाते हुए युवक और उसकी बाइक को ट्रॉली में बैठा लिया। फिर युवक अपनी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया।
पेट्रोल पंप पहुंचने पर कर्मचारियों और संचालक ने युवक से पूछा कि वह बाइक को ट्रॉली में रखकर क्यों लाया है। तब युवक ने पूरी कहानी बताई। उसकी बात सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे। कई लोगों ने युवक की तारीफ करते हुए कहा कि उसने नियम तोड़ने के बजाय उसका पालन किया और सुरक्षित तरीका अपनाया।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप संचालक दीप सिन्हा ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि लोग अब शासन के निर्देशों को गंभीरता से ले रहे हैं और नियमों का पालन भी कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। कोई इसे “ग्रामीण जुगाड़” बता रहा है तो कोई युवक की समझदारी और जागरूकता की तारीफ कर रहा है। कई यूजर्स मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं कि “पेट्रोल नहीं मिला तो पूरी बाइक ही पेट्रोल पंप पहुंच गई।”
फिलहाल यह वीडियो गरियाबंद समेत आसपास के जिलों में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं।


