राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती जल समस्या के बीच ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ग्रामीणों की मांग और हालात की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने निस्तारी के लिए नहर से पानी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को सिकासार जलाशय से जल प्रवाह बंद कर दिया गया था। इसके बाद क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा मांग उठाई गई। इस विषय पर राजिम विधायक श्री रोहित साहू से चर्चा के बाद विभाग ने पुनः जल प्रवाह शुरू करने का फैसला लिया।
निर्णय के तहत 1 मई 2026 से एक सप्ताह के लिए फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर के माध्यम से पानी छोड़ा जाएगा। इससे ग्राम बेलर, बोड़की, जोगीडिपा और पतोरी घोघरा सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही कुछ तालाबों को खेतों के रास्ते पानी पहुंचाकर भरने की भी योजना बनाई गई है, जिससे जल संकट में कमी आएगी।
हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान खेतों में पानी जाने से किसी भी फसल को नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की होगी, न कि जल संसाधन विभाग की।
विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि उपलब्ध कराए जा रहे पानी का उपयोग सोच-समझकर और आवश्यकता अनुसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
भीषण गर्मी के इस दौर में लिया गया यह निर्णय ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है और जल संकट से जूझ रहे इलाकों में उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।


