राधे पटेल/ गरियाबंद कोरबा। चांपा-कोरबा मार्ग पर ग्राम कोथारी और टोल प्लाजा के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे अंधेरे में लापरवाही से खड़ी ट्रेलर से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, कोरबा के बुधवारी काशीनगर बस्ती निवासी सोनी परिवार के सदस्य चांपा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी के बाद चौथिया की रस्म निभाकर सभी देर रात लगभग 2 बजे कार से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोथारी टोल नाका के आगे उनकी कार सड़क किनारे अंधेरे में खड़ी ट्रेलर से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और 15 माह के मासूम प्रियांश की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में से देवेंद्र सोनी को जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जबकि मोंगरा सोनी और मासूम प्रियांश के शवों को बीडीएम अस्पताल चांपा लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
कार में सवार अन्य तीन लोग भी घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर सड़क किनारे अंधेरे में बिना पर्याप्त संकेत के खड़ी थी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के निवास क्षेत्र बुधवारी काशीनगर बस्ती सहित परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।


