राधे पटेल / गरियाबंद झारखंड। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगुनिया गांव में नक्सलियों द्वारा एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा (32 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक पूर्व में नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था और इसी मामले में वह जेल भी जा चुका था। जेल से रिहा होने के बाद उसने संगठन से दूरी बना ली थी और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था। वर्तमान में वह सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में कार्यरत था।
रात में घर से बुलाकर ले गए नक्सली
सूत्रों के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय 4–5 हथियारबंद नक्सली मृतक के घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान मृतक की पत्नी भी उनके पीछे-पीछे गई, लेकिन नक्सलियों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया।
500 मीटर दूर ले जाकर की बेरहमी से हत्या
बताया जा रहा है कि नक्सली रमेश चांपिया को घर से करीब 500 मीटर दूर ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद नक्सली शव को सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए।
मृतक के शव पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी पिटाई कर हत्या की गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।



