राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा है। NEWS VEB पर हमने आपको पहले ही बताया था कि मैनपुर को नई 108 एंबुलेंस की सौगात मिलने वाली है, और अब इस पर अंतिम मुहर लग गई है।
विधायक जनक राम ध्रुव ने दिखाई हरी झंडी

मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज खुशी की लहर तब दौड़ गई जब नई 108 एंबुलेंस वहां पहुंची। स्थानीय विधायक जनक राम ध्रुव ने आज इस नई 108 एंबुलेंस गाड़ी को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उनके साथ खण्ड चिकित्सा अधिकारी (BMO) गजेंद्र ध्रुव भी मौजूद रहे। बीएमओ ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर इस जीवनदायिनी सेवा का भव्य शुभारंभ किया।
“ऐके नंबर सब्बो बर” का लिया गया संकल्प
इस खास अवसर पर बीएमओ गजेंद्र ध्रुव ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा:
“स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है। ‘ऐके नंबर सब्बो बर’ (सभी के लिए एक ही नंबर – 108) के संकल्प के साथ यह नई एंबुलेंस अब क्षेत्र के चप्पे-चप्पे तक पहुँचेगी। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित उपचार दिलाने में यह एक मील का पत्थर साबित होगी।”
24 घंटे मुस्तैद रहेगी अनुभवी टीम

आपको बता दें कि इस नई एंबुलेंस यूनिट में एक समर्पित और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की गई है, जो 24 घंटे अपनी सेवाएं देंगे।
ईएमटी (EMT): पूजा चक्रधारी
पायलट (ड्राइवर): गुलशन
यह टीम आधुनिक उपकरणों से लैस इस एंबुलेंस के जरिए गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों को कम से कम समय में अस्पताल पहुँचाने का महत्वपूर्ण कार्य करेगी। निश्चित तौर पर यह मैनपुर की जनता के लिए एक बड़ी खबर और राहत भरी सौगात है।


