गरियाबंद। गरियाबंद जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोसमबुड़ा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर बी.एस. उइके ने चयनित विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में विद्यार्थियों की सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
कलेक्टर श्री उइके ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलें तो वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और अभिभावकों के सतत प्रयासों को भी दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर नेहा भेड़िया, हितेश्वरी बाघे सहित अन्य अधिकारियों ने भी चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार आने वाले वर्षों में भी विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
33 विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लहराया सफलता का परचम
विद्यालय के कुल 33 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। इनमें नीट, बीएससी नर्सिंग एवं फार्मेसी में 16 विद्यार्थियों, जेईई मेन्स में 4 विद्यार्थियों तथा एनसीईटी-आईटीईपी (बीए-बीएड) पाठ्यक्रम में 13 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
समारोह में सहायक आयुक्त लोकेश पटेल, विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ भी उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।






