राधे पटेल / गरियाबंद कोरबा जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चांपा-कोरबा मार्ग पर ग्राम कोथारी और टोल प्लाजा के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवारी काशीनगर बस्ती निवासी सोनी परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होने चांपा गए हुए थे। शादी के बाद चौथिया की रस्म निभाकर सभी लोग देर रात लगभग 2 बजे कार से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान टोल नाका के आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, फिर पलट गया और सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा भिड़ा। हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे।
इस दर्दनाक दुर्घटना में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
हादसे में घायल अन्य लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य की स्थिति सामान्य है। घायलों का उपचार एनकेएच अस्पताल में जारी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल तथा जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के निवास क्षेत्र, परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।


