20 नवंबर को ‘मया के रंग’ लोक रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम होगा मुख्य आकर्षकगरियाबंद। ब्लॉक मुख्यालय गरियाबंद से लगभग 25 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत दर्रीपारा के आश्रित ग्राम बोईरगांव कला में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दो दिवसीय पारंपरिक मातर मड़ई समारोह का आयोजन 19 एवं 20 नवंबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर नवयुवक-नवयुवती एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।समारोह के प्रथम दिन 19 नवंबर, गुरुवार को शाम 4 बजे से कलश यात्रा, देव परघनी एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं दूसरे दिन 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजे हवन-पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। सुबह 11 बजे से राउत नाचा, अतिथि परघनी, देव नृत्य एवं पारंपरिक मातर मड़ई का भव्य आयोजन किया जाएगा।समारोह का विशेष आकर्षण 20 नवंबर को रात्रि 10 बजे आयोजित होने वाला ‘मया के रंग’ लोक रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम रहेगा। इसमें कोड़े कसा पाटेश्वर धाम, जिला बालोद की सांस्कृतिक टीम द्वारा छत्तीसगढ़ी लोककला, लोकगीत एवं संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।आयोजकों ने बताया कि मातर मड़ई केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण संस्कृति को नई पहचान मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।नवयुवक-नवयुवती एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


