मैनपुर। गरियाबंद जिले के शोभा थाने अंतर्गत ओड़िसा राज्य से सटे महुआनाला गांव में दो भालुओं के हमले से 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मदन नेताम के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मदन नेताम गाय चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान गाय चराते समय उसका सामना दो भालुओं से हो गया। भालुओं ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर
युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजधानी रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
टाइगर रिजर्व के कोर जोन में हुई घटना
बताया जा रहा है कि घटना गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र में हुई है। यह इलाका उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर जोन में आता है। वन क्षेत्र से लगे इलाकों में ग्रामीणों का मवेशी (गाय ) चराने और अन्य कार्यों के लिए जंगल की ओर जाना आम है। ऐसे में वन्यजीवों से सामना होने पर हमले का खतरा बना रहता है।
फिलहाल घायल युवक के स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। वन विभाग की ओर से घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


