बालकनी की लोहे की ग्रिल में फैला था करंट, पत्नी गंभीर; रवान मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 16 साल की बेटी और 12 साल के बेटे के साथ पिता की मौत
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक हादसे में घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। वहीं दूसरे हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और उसके दो बच्चों को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही दिन में दो घटनाओं में कुल पांच लोगों की जान चली गई।
बालकनी की ग्रिल छूते ही करंट से चिपके पिता-पुत्र, बचाने पहुंची पत्नी भी झुलसी
शहर के नेहरू चौक स्थित एक मकान में शुक्रवार सुबह उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब कारोबारी राकेश गुप्ता (45) घर की बालकनी में पहुंचे। बताया गया कि बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। जैसे ही राकेश ने ग्रिल को छुआ, वे बिजली की चपेट में आकर उससे चिपक गए।
पिता को करंट से चिपका देखकर उनका बेटा ओम गुप्ता (24) उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों को बचाने पहुंची राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) भी बिजली के झटके से गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वर्षा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
11 हजार केवी लाइन से करंट फैलने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान के पास से 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली लाइन से निकली चिंगारी या किसी तकनीकी खराबी के कारण बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट प्रवाहित हुआ। हालांकि, करंट फैलने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेकाबू ट्रक ने बाइक को रौंदा, पिता और 16 साल की बेटी-बेटे की मौत
दूसरी घटना शुक्रवार दोपहर ग्राम रवान के मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पिता रामचंद्र ध्रुव (39), उनकी बेटी निहारिका (16) और बेटा टोमेश (12) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव अपने दोनों बच्चों को लेकर किसी जरूरी काम से बलौदाबाजार आए थे। उन्होंने पोस्ट ऑफिस से पैसे निकाले और बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मंसा चौक के पास अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
ट्रक जब्त, चालक के खिलाफ कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्राम खैरताल में शोक का माहौल है।



