मैनपुर पुलिस की कार्रवाई; देवभोग से रायपुर जा रही मां शारदा ट्रेवल्स में पकड़ाया आरोपी, करीब 11.96 लाख रुपए का माल जब्त
मैनपुर। गरियाबंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यात्री बस में छिपाकर ले जाए जा रहे 23 किलो 750 ग्राम गांजे की खेप बरामद की है। मामले में पुलिस ने ओडिशा के कालाहांडी जिले के रहने वाले 40 वर्षीय दामोदर मेहेर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 11 लाख 87 हजार 500 रुपए है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गांजे और मोबाइल समेत कुल जब्ती करीब 11 लाख 96 हजार रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर बस को रोका
पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर 2026 को मैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि देवभोग से रायपुर की ओर जाने वाली मां शारदा ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3115 में एक व्यक्ति गांजे की खेप लेकर जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डोमेन्द्र सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने NH-130C मुख्य मार्ग पर मैनपुरकला तिराहे के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध बस वहां पहुंची, जिसे रोककर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध यात्री से पूछताछ की गई।
थर्माकोल के आइस बॉक्स में छिपा रखे थे पैकेट
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दामोदर मेहेर (40), पिता कृष्णाचंद मेहेर, निवासी नकटीगुड़ा, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया।
पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो नीले-सफेद रंग की बोरी के अंदर एक कार्टून मिला। कार्टून खोलने पर उसमें थर्माकोल का आइस बॉक्स रखा था।
पुलिस के अनुसार आइस बॉक्स के अंदर काली प्लास्टिक की झिल्ली में खाकी टेप से लपेटकर गांजे के दो पैकेट छिपाए गए थे। जांच के दौरान दोनों पैकेटों से कुल 23 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
दो मोबाइल भी जब्त
गांजे के साथ पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी और जियो भारत कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक गांजा और मोबाइल समेत जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख 96 हजार रुपए है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा
मैनपुर पुलिस ने आरोपी दामोदर मेहेर के खिलाफ अपराध क्रमांक 119/26 दर्ज किया है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
मैनपुर क्षेत्र में इससे पहले भी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामलों में कार्रवाई की है। अगस्त 2026 में मैनपुर पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जा रहे 15.44 किलो गांजे के साथ महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक डोमेन्द्र सिन्हा, सउनि थनवार सिंह ध्रुव, प्रधान आरक्षक जागेश्वर प्रसाद निषाद, कपूर चंद नेताम, आरक्षक अमरलाल नागेश, राजेन्द्र ठाकुर, अश्वनी कुमार ध्रुव, यादराम पटेल, प्रवीण वर्मा और कोमल दास धृतलहरे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।


