धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पत्नी के प्रेमी को अपने ही घर में सोता देख पति अपना आपा खो बैठा और कुल्हाड़ी से उसके गले पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार, बाजार कुर्रीडीह (स्कूलपारा) निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले लगभग एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा तहसील निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शंकर अक्सर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता-जाता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर भी गई थी और चार-पांच दिन वहां रहने के बाद वापस लौट आई थी।
बताया गया कि 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे शंकर सूर्यवंशी एक बार फिर पूर्णिमा से मिलने उसके घर पहुंचा। रात में भोजन करने के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चियां और शंकर एक ही हॉल में सो गए।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3 बजे योगेंद्र सोरी की नींद खुली। पत्नी के प्रेमी को घर में सोता देखकर वह गुस्से से भर उठा और कुल्हाड़ी उठाकर शंकर के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली। पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी योगेंद्र सोरी (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामकृष्ण सोरी, निवासी ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





