फिंगेश्वर के कौंदकेरा संकुल में 10 से अधिक शिक्षकों के एक साथ गायब रहने का मामला; सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल, DEO ने दिए जांच के आदेश
गरियाबंद। बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी जिन शिक्षकों पर है, उन्हीं की लापरवाही का मामला गरियाबंद जिले में सामने आया है। फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल क्षेत्र में 8 से अधिक स्कूलों के शिक्षक कथित तौर पर बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के पिकनिक मनाने निकल गए। एक साथ 10 से अधिक शिक्षकों के स्कूल से गायब रहने के कारण कई स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब घूमने गए शिक्षकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। बताया जा रहा है कि शिक्षक लगातार दो दिनों से स्कूलों से अनुपस्थित थे। मामले को लेकर शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई है।

कहीं दोनों शिक्षक गायब, तो कहीं वैकल्पिक व्यवस्था के भरोसे स्कूल
जानकारी के मुताबिक, कौंदकेरा संकुल क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों से 10 से अधिक शिक्षक एक साथ घूमने चले गए। हैरानी की बात यह है कि कुछ स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की संख्या सीमित है। ऐसे में जहां केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं, वहां दोनों के अनुपस्थित रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई।
कुछ स्कूलों में दूसरे शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था की गई, तो कहीं अतिथि शिक्षकों के सहारे पढ़ाई संचालित करने की बात सामने आई है।
संकुल प्राचार्य ने भी की पुष्टि
शिक्षकों के पिकनिक मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। संकुल प्रभारी एमआर रात्रे ने भी शिक्षकों के बिना अनुमति घूमने जाने की पुष्टि की है। इससे स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर उठ रहे सवाल और गंभीर हो गए हैं।
DEO ने दिए जांच के निर्देश, कार्रवाई पर टिकी नजरें
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि संबंधित शिक्षकों ने किस आधार पर अवकाश लिया था, क्या उन्होंने नियमानुसार अनुमति प्राप्त की थी और उनकी अनुपस्थिति के दौरान स्कूलों में पढ़ाई की क्या व्यवस्था रही।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बच्चों की पढ़ाई प्राथमिकता होनी चाहिए, तब एक साथ 10 से अधिक शिक्षक स्कूल छोड़कर कैसे घूमने चले गए? क्या जांच के बाद जिम्मेदार शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई होगी या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाएगा?


