मैनपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब शासकीय कार्यालयों पर भी दिखाई देने लगा है। गरियाबंद जिले के मैनपुर स्थित डाकघर में बारिश का पानी घुस जाने से कार्यालय का कामकाज प्रभावित हो गया। पानी भरने के कारण कार्यालय में रखे कंप्यूटर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और डाक वितरण के लिए रखी गई चिट्ठियां व पार्सल भी भीग गए, जिससे कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार हो रहे 24घंटो के बारिश के दौरान डाकघर परिसर में पानी भर गया और देखते ही देखते कार्यालय के अंदर तक पहुंच गया। पानी घुसने से फर्श पर रखी डाक सामग्री, पत्र, पार्सल और अन्य वितरण संबंधी सामान भीग गए। वहीं कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
बारिश के कारण डाकघर में सामान्य कामकाज भी प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने भीगी हुई डाक सामग्री को सुरक्षित करने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बचाने का प्रयास किया। हालांकि नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। उनका मानना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था और भवन की मरम्मत कराई जाए, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता है।
फिलहाल डाक विभाग की ओर से भीगी हुई डाक सामग्री को सुरक्षित रखने और सेवाओं को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से डाकघर भवन की मरम्मत तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।

