गरियाबंद। जिले में अवैध नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “नया सवेरा अभियान” के तहत गरियाबंद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना राजिम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7.380 लीटर देशी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब के अलावा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध नशे के कारोबार, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना राजिम क्षेत्र में मुखबिर तंत्र एवं पेट्रोलिंग को सक्रिय किया गया था।
शनिवार को थाना प्रभारी राजिम को सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक स्कूटी में अवैध रूप से देशी मदिरा शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धान मंडी रोड राजिम के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान ग्राम पोखरा निवासी ओमप्रकाश परमार उर्फ प्रकाश (32 वर्ष) तथा ग्राम लोहरसी निवासी नारायण मारकण्डे (21 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 7.380 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 3,280 रुपये बताई गई है, बरामद की। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त प्लेजर स्कूटी क्रमांक CG-04-LS-8817 को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
जब्त सामग्री
- 41 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 7.380 लीटर)
- शराब की अनुमानित कीमत : 3,280 रुपये
- प्लेजर स्कूटी क्रमांक CG-04-LS-8817
गिरफ्तार आरोपी
- ओमप्रकाश परमार उर्फ प्रकाश (32 वर्ष), निवासी ग्राम पोखरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद।
- नारायण मारकण्डे (21 वर्ष), निवासी ग्राम लोहरसी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद।





