राधे पटेल / गरियाबंद रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने कबाड़ी एवं यार्ड संचालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 6 कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 38 हजार रुपये मूल्य का लोहे का कबाड़ और वाहन जब्त किया गया।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस द्वारा थाना खमतराई, गुढ़ियारी और उरला क्षेत्र में संचालित कबाड़ी यार्डों एवं अन्य स्थानों पर एक साथ रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच के दौरान कई कबाड़ियों के पास अवैध रूप से रखा गया लोहे का स्क्रैप, सरिया, पाइप और अन्य सामग्री बरामद की गई। थाना खमतराई क्षेत्र के रावांभाठा स्थित कबाड़ी विजय टंडन और अवध राम नवरंगे की दुकानों से लोहे के पाइप, तार और स्क्रैप जब्त किए गए। वहीं थाना गुढ़ियारी क्षेत्र में गिरधारी साहू और आदर्श गोयल के कबाड़ी दुकानों में छापेमारी कर भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया।
इसी प्रकार थाना उरला क्षेत्र के मेटल पार्क स्थित रमन के कबाड़ी यार्ड से 250 किलोग्राम लोहे का पाइप और सरिया जब्त किया गया, जबकि सरोरा स्थित एसएल ट्रेडर्स से 200 किलोग्राम लोहे का पाइप बरामद किया गया। सभी मामलों में पुलिस ने संबंधित कबाड़ियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी कबाड़ियों और यार्ड संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे चोरी का माल न खरीदें और संदिग्ध सामान बेचने वालों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।


