गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड में बुधवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पावन रथयात्रा पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। मैनपुर ब्लॉक के जाड़ापदर, धवलपुर, मैनपुर, इंदागांव, अमलीपदर सहित क्षेत्र के अनेक गांवों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित रथ में भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा की मनोहारी प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रथयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी तथा रथ की रस्सी खींचकर सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक रथयात्रा में भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की।
रथयात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, शरबत, प्रसाद और भंडारे की व्यवस्था की गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन का वातावरण बना रहा। आयोजन समितियों ने सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भगवान जगन्नाथ से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

