गरियाबंद | उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के तौरेंगा परिक्षेत्र में वन्यप्राणी लंगूर (बंदर) का शिकार करने वाले ओडिशा के 4 फरार शिकारियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 7 हो गई है, जिन्हें न्यायालय ने न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। रेंजर केजूराम कोरचे ने ओडिशा जाकर इन फरार 4 आरोपियों को दबोचा, जबकि एसडीओ जे.पी. दरों ने न्यायालय में स्वयं उपस्थित होकर दलील दी और न्यायिक रिमांड प्राप्त की।
13.8 किलो कच्चा मांस और हथियार हुए थे जब्त प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को तौरेंगा वन परिक्षेत्र के परिसर गरीबा (आरक्षित वनक्षेत्र, कक्ष क्रमांक 1200) में 2 मादा बंदरों (अनुसूची II में दर्ज वन्यप्राणी) का अवैध शिकार किया गया था। मौके से वन विभाग की टीम ने 13.800 किलो कच्चा मांस, 1 कुल्हाड़ी, 4 छुरी, 1 पनसुल, 4 पीले थैले और अपराध में प्रयुक्त एक एच.एफ. डिलक्स मोटर सायकल (CG04MF3970) जब्त की थी।
इस मामले में 3 आरोपियों को 26 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय (गरियाबंद) में पेश कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, फरार चल रहे अन्य 4 सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल दाखिल किया गया है।
ओडिशा के नबरंगपुर जिले के हैं सभी आरोपी वन विभाग के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी 7 आरोपी ओडिशा के नबरंगपुर जिले (थाना व तहसील रायघर) के ग्राम कबाटपानी (ग्राम पंचायत मुंडीबेड़ा) के निवासी हैं। पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं:
भुशा (50 वर्ष)
बनमाली सांता (51 वर्ष)
सोलन्दर (26 वर्ष)
लालु सांता (54 वर्ष)
किशोर उर्फ केशर (34 वर्ष)
राजू उर्फ राधु सांता (38 वर्ष)
केन्दु उर्फ बांदे सांता (37 वर्ष)

इन सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 32, 39, 49, 50, 51 एवं 52 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।
इस पूरी विभागीय कार्रवाई में तौरेंगा बफर के वनक्षेत्रपाल केजूराम कोरचे, गाजीमुड़ा के सहायक परिक्षेत्र अधिकारी व उपवनक्षेत्रपाल गौरीशंकर भोई, वनरक्षक पुरुषोत्तम सहित अन्य वन कर्मचारियों और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।



