गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का एक शानदार अवसर सामने आया है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से इजराइल में होम-बेस्ड केयर गिवर के 3,500 पदों पर भर्ती की जा रही है। यह भर्ती नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के अंतर्गत भारत-इजराइल समझौते के तहत आयोजित की जा रही है।
इस भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा। प्रारंभिक अनुबंध अवधि दो वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है। चयनित कर्मचारियों को आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, राष्ट्रीय अवकाश और वार्षिक अवकाश जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। इसके अलावा कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना आवश्यक है।
अभ्यर्थी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो, उसकी लंबाई 1.5 मीटर से अधिक तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। साथ ही उम्मीदवार ने पूर्व में इजराइल में कार्य नहीं किया हो।
ये योग्यताएं भी जरूरी
उम्मीदवार के पास भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट या मिडवाइफ से संबंधित किसी एक क्षेत्र का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है।
मिलेगी कई सुविधाएं
चयनित अभ्यर्थियों को नियोजक द्वारा आवास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा चिकित्सा बीमा, 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी मिलेगा। सप्ताह में 6 दिन कार्य करना होगा। सभी निर्धारित कटौतियों के बाद अभ्यर्थियों को लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा।
ऐसे होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, पात्रता जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस और इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोजक द्वारा किया जाएगा।
रोजगार विभाग ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध “विदेशों में रोजगार – होम बेस्ड केयर गिवर” लिंक के माध्यम से जल्द से जल्द पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।





