छत्तीसगढ़ के ख्यातिप्राप्त कवियों का होगा कविता पाठ, विधायक जनक ध्रुव होंगे मुख्य अतिथि
मैनपुर। मैनपुर तहसील मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भाठीगढ़ में 23 जुलाई को सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वर्गीय रामाधार शर्मा एवं स्वर्गीय विमला शर्मा की स्मृति में उनके सुपुत्र संजय शर्मा (रायपुर) द्वारा बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर सम्मानित किया जाएगा। भाठीगढ़ मैनपुर विकासखंड का एक प्रमुख ग्राम है।
संस्था के शिक्षक यशवंत बघेल ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 23 जुलाई 2026 को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। समारोह में क्षेत्रीय विधायक जनक ध्रुव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम एवं श्रीमती लोकेश्वरी नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवियों मीर अली मीर, नूतन साहू एवं संजय शर्मा “कबीर” का काव्य पाठ होगा। कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे और शिक्षा के प्रति प्रेरित करेंगे।
आयोजकों के अनुसार इस अवसर पर विद्यार्थियों को बैग सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी, जिससे उन्हें आगामी शैक्षणिक सत्र में सहायता मिल सके। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।
समारोह को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत भाठीगढ़ के सरपंच, ग्रामीणों एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विद्यालय परिसर को सजाने, विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अतिथियों के स्वागत की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल है।





