राधे पटेल / गरियाबंद मैनपुर बस स्टैंड से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छोटी सी चूक बड़े नरसंहार में बदल सकती थी। लेकिन प्रशासन की सतर्कता ने आज दर्जनों परिवारों को उजड़ने से बचा लिया।

घटना दोपहर करीब 3:51 बजे की है। देवभोग से सवारियों को लेकर मैनपुर आ रही ‘मां शारदा’ यात्री बस (वाहन क्रमांक CG 23L 8800) जैसे ही बस स्टैंड पर पहुंची, बस की छत पर रखी एक साइकिल (लगेज )सीधे ऊपर से गुजर रहे बिजली के सप्लाई तारों में जा उलझी। यह तार पास के ही खंभे से उपभोक्ताओं को सप्लाई देने के लिए खींचा गया था।

बड़ा खुलासा: बस में सवार थे 60 यात्री, अटक गई थीं सांसें जैसे ही साइकिल तार में फंसी, बस स्टैंड का माहौल दहशत से भर गया। उस वक्त बस पूरी तरह से यात्रियों भरी थी और अंदर लगभग 60 यात्री मौजूद थे। मामला बेहद खौफनाक इसलिए था क्योंकि यदि तनाव के कारण वह तार टूटकर बस की लोहे की बॉडी पर गिर जाता, तो पलक झपकते ही पूरी बस में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ जाता। ऐसी स्थिति में 60 जिंदगियां एक साथ करंट की चपेट में आ सकती थीं, जिससे एक ऐसा हादसा होता जिसकी कल्पना मात्र से रूह कांप जाती है।

पुलिस और बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई इस खौफनाक मंजर के बीच एक राहत की खबर यह रही कि मौके पर पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से तैनात थे। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और यात्रियों को पैनिक न करने की हिदायत दी। वहीं, घटना की भनक लगते ही बिजली विभाग को तुरंत खबर की गई। बिजली विभाग ने भी बिना एक पल की देरी किए त्वरित कार्रवाई की और बिजली सप्लाई को नियंत्रित किया। पुलिस प्रशासन और बिजली विभाग के इस तेज एक्शन के चलते एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और सभी 60 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।


