गरियाबंद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अवसर पर गुरुवार को गरियाबंद जिले में दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से जनभागीदारी और सेवा भावना का संदेश दिया गया। जिले के प्रमुख स्थलों, शासकीय कार्यालयों, गांवों एवं मोहल्लों में उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित किए गए।
कलेक्टोरेट परिसर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं एसपी वेदव्रत सिरमौर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी से कलेक्टोरेट परिसर का गार्डन आकर्षक नजर आया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और सेवा भावना के साथ जिले के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
जिलेभर में विभिन्न स्थानों में जले दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल रहा। नागरिकों ने अपने घरों के साथ-साथ मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। गांवों एवं शहरी क्षेत्रों के मोहल्लों में भी लोगों ने दीप जलाकर इस अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया।
दीप प्रज्ज्वलन का यह आयोजन जनभागीदारी, सेवा भावना और सामूहिक संकल्प का प्रतीक बना। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ को राष्ट्रीय संकल्प के रूप में प्रस्तुत करना और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
घर-घर जले दीप, गूंजा सेवा का संदेश
गरियाबंद जिले में हजारों नागरिकों ने शाम 7 बजे अपने-अपने घरों, आंगन और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने ली जनभागीदारी की अपील
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की कि वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में अधिक से अधिक भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां भी शामिल हैं।
एसएसपी वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि पुलिस प्रशासन भी इस अभियान में पूर्ण सहयोग देगा और समाज सेवा के कार्यों में आगे रहेगा।




