बोले- आधुनिकता के साथ आगे बढ़े नई पीढ़ी, लेकिन अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को न भूले; बनगांव में सामाजिक भवन, अखाड़ा और सड़क निर्माण के लिए 70 लाख रुपए की घोषणा
जशपुर। छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक करम परब का उत्साह जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम बनगांव में देखने को मिला। यहां आयोजित आंचलिक करम पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से करम राजा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
महोत्सव में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से उरांव समाज के 6 हजार से अधिक लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। मांदर, ढोल और नगाड़ों की गूंज के बीच महिला-पुरुषों ने सामूहिक रूप से पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मांदर की थाप पर नर्तक दलों के साथ थिरकते नजर आए। उनकी पत्नी कौशल्या साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी मातृभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाजों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
जनजातीय वीरांगनाओं और जनी शिकार परंपरा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने उरांव समाज के गौरवशाली इतिहास और ऐतिहासिक शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, बलिदान और संघर्ष की गाथाओं से भरा हुआ है। रोहतासगढ़ की वीरांगनाओं और जनी शिकार जैसी परंपराएं समाज की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों और वीर नायकों के योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
बनगांव को 70 लाख की सौगात, अखाड़ा और मिनी स्टेडियम भी बनेगा
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपए और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा बनगांव में अखाड़ा निर्माण और सहसपुर में मिनी स्टेडियम बनाने का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप गरीबों, किसानों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए काम कर रही है।
महतारी वंदन की 33वीं किस्त में 632 करोड़ रुपए अंतरित
मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के तहत 67.40 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 632.63 करोड़ रुपए अंतरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है।
मेडिकल शिक्षा, खेल और बिजली सुविधाओं का भी होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है।
इसके साथ ही कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड में 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनजातीय संस्कृति को संरक्षित रखते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उरांव समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


