मैनपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड अंतर्गत कथावाचक युवराज पांडे के गृह ग्राम अमलीपदर पहुंचे, जहां आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुंडिचा मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजीव लोचन महाराज सहित जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर श्रद्धालुओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देवभोग की भूमि अत्यंत पवित्र है, जहां से भगवान जगन्नाथ के लिए भोग भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पावन स्थल पर आकर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कथावाचक युवराज पांडे की सराहना करते हुए कहा कि वे अपनी कथाओं के माध्यम से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारत में प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा अमलीपदर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रथयात्रा में भाग लिया। कार्यक्रम में गरियाबंद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने।





