राधे पटेल/ गरियाबंदरायपुर : स्वास्थ्य सुविधाओं को आम जनता तक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (PMJAY) को धरातल पर बेहतरीन तरीके से लागू करने के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर दो बड़े सम्मानों से नवाजा गया है।

महाराष्ट्र के पुणे में 17 और 18 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा आयोजित ‘चिंतन शिविर’ में छत्तीसगढ़ को “बड़े राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन” (Best Performing Large State) का खिताब दिया गया।
तकनीक ने रोकी गड़बड़ी, ऐसे मिला सम्मान सरकारी योजनाओं में अक्सर फर्जी दावों (Claims) की शिकायतें आती हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य महकमे ने इससे निपटने के लिए एक अभेद्य ‘आईटी मॉनिटरिंग सिस्टम’ तैयार किया। राज्य को ये दोनों अवॉर्ड इसी सुदृढ़ व्यवस्था के लिए मिले हैं:
सटीक पहचान (High Trigger Efficacy): पहला अवॉर्ड सिस्टम द्वारा संदिग्ध क्लेम की बिल्कुल सटीक पहचान करने और उनके वैज्ञानिक विश्लेषण के लिए दिया गया।
त्वरित निपटान (Timely Processing of Suspicious Claims): दूसरा अवॉर्ड इन पकड़े गए संदिग्ध मामलों की जांच बिना किसी लालफीताशाही (लेटलतीफी) के, समय सीमा के भीतर पूरी करने के लिए मिला है।
इससे न केवल अस्पतालों की मनमानी पर रोक लगी है, बल्कि वास्तविक मरीजों को बिना किसी रुकावट के इलाज मिल पा रहा है।
सरकार की ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति की जीत: मुख्यमंत्री इस शानदार कामयाबी पर सूबे के मुखिया श्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था का सीधा प्रमाण बताया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, “हमारी सरकार का मुख्य ध्येय कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक मुफ्त और उच्च स्तर का इलाज पहुंचाना है। यह राष्ट्रीय सम्मान साबित करता है कि हम सही दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी स्तर पर काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों को दिया।
जनसेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: स्वास्थ्य मंत्री सूबे के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी इस अचीवमेंट पर विभागीय टीम की पीठ थपथपाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पुरस्कार स्वास्थ्य तंत्र की उस अथक मेहनत का नतीजा है, जो दिन-रात सिस्टम में सुधार लाने के लिए की जा रही है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी आम जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुलभ व हाई-टेक बनाने के लिए कटिबद्ध है।

