सुकलीभांटा के पास वन विभाग की गश्ती टीम ने की कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दो नग सागौन चिरान और मोटरसाइकिल जब्त
देवभोग। गरियाबंद जिले में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में वन परिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) के धुपकोट परिसर अंतर्गत ग्राम सुकलीभांटा के पास गश्ती टीम ने मोटरसाइकिल से सागौन चिरान का परिवहन करते दो लोगों को पकड़ा। वन विभाग ने मौके से दो नग सागौन चिरान और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है।
गश्त के दौरान मोटरसाइकिल पर ले जा रहे थे लकड़ी
वन विभाग के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे धुपकोट परिसर में नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान सुकलीभांटा के पास रंचन उर्फ पूरून यादव और चरण उर्फ भागीरथी यादव को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 23 N 0208 पर दो नग सागौन चिरान ले जाते हुए देखा गया।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर जब्ती
गश्ती दल ने मोटरसाइकिल को रोककर सागौन चिरान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे। वन विभाग के मुताबिक दोनों व्यक्ति मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद टीम ने लकड़ी और मोटरसाइकिल को नियमानुसार जब्त कर लिया।
इन कर्मचारियों ने की कार्रवाई
कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी देवभोग दिनेश चन्द्र पात्र, वन रक्षक धुपकोट पुरुषोत्तम ध्रुवा, वन रक्षक घुमरगुड़ा लम्बोदर सोरी, वानिकी चौकीदार भोलाराम यदू तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी रुद्रास नागेश और परमेश्वर नागेश शामिल रहे।
वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया जब्त माल
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए दोनों नग सागौन चिरान और मोटरसाइकिल को वन परिक्षेत्र कार्यालय देवभोग लाया गया। वन विभाग के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन पर रोक लगाने के लिए गश्त जारी रखने की बात विभाग ने कही है।




