मैनपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-130C पर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। मैनपुर मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर झारियाबहारा पुलिस जांच चौकी के आगे मंगलवार को कृषि दवाइयां लेकर जा रही एक बोलेरो (क्रमांक CG04PP9851) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के चारों पहिए ऊपर हो गए। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। एनएच-130सी अभनपुर से देवभोग होते हुए ओडिशा सीमा तक जाने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो कुरूद से देवभोग कृषि दवाइयों की खेप लेकर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया। सड़क के किनारे बने गहरे गड्ढे में पहिया उतरते ही बोलेरो पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-130सी के इस हिस्से में सड़क काफी संकरी है। वहीं दोनों किनारों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने होने से दो वाहनों को एक-दूसरे को साइड देने में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि यही वजह है कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि झारियाबहारा से इंदागांव के बीच का मार्ग दुर्घटना संभावित बन चुका है। कई बार संबंधित विभाग से सड़क चौड़ीकरण, किनारों की मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हादसे के बाद एक बार फिर एनएच-130सी की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

