गरियाबंद | छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने किसानों को राहत देते हुए एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 कर दी है। इस संबंध में विभाग ने 2 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026-27 में एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से नवीन पंजीयन तथा पूर्व से पंजीकृत किसानों के फसल एवं रकबे में संशोधन की कार्यवाही के लिए पहले 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। अब किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीयन की तिथि 15 नवंबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इस संबंध में कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के उप सचिव विकास मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि कृषि संचालनालय, राजस्व विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग तथा संबंधित संस्थाओं को भी भेजी गई है।
किसानों को मिलेगा अतिरिक्त समय
पंजीयन की तिथि बढ़ने से उन किसानों को अतिरिक्त अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय-सीमा में अपना पंजीयन नहीं करा पाए थे। साथ ही पहले से पंजीकृत किसान अपनी फसल एवं रकबे से संबंधित आवश्यक संशोधन भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत करा सकेंगे। किसानों से अपील है कि वे 15 नवंबर 2026 से पहले पंजीयन एवं संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो।


