नारायणपुर | छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। 53वीं वाहिनी आईटीबीपी और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री में 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी, देसी रॉकेट लॉन्चर, मोर्टार राउंड तथा अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे सुरक्षा बलों पर संभावित बड़े हमले की आशंका टल गई।
जानकारी के अनुसार, बस्तर में 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद के खिलाफ मिली महत्वपूर्ण सफलता के बाद भी अबूझमाड़ के दुर्गम जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए हैं। इन्हीं खतरों को समाप्त करने के उद्देश्य से लगातार एरिया डोमिनेशन और सर्च अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट संजय कुमार के मार्गदर्शन में 7 जुलाई 2026 की सुबह अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा और आसपास के जंगलों की ओर विशेष एरिया डोमिनेशन पेट्रोलिंग (ADP) अभियान शुरू किया गया। सहायक कमांडेंट (जीडी) आजाद सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान में आईटीबीपी के 34 जवान, छत्तीसगढ़ पुलिस का एक प्रतिनिधि तथा पांच सदस्यीय बम निरोधक दस्ता शामिल था। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई सर्चिंग के दौरान जवानों को नक्सलियों का छिपाया गया हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा डंप मिला।
सुरक्षा बलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी रही, जिसे जवानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाया गया था। खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते इसे बरामद नहीं किया जाता तो यह बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जंगलों में छिपाए गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य संसाधनों को खोजकर नष्ट करने के लिए संयुक्त बलों द्वारा नियमित सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





