राधे पटेल / गरियाबंद बालोद। शहर के व्यस्ततम सदर रोड क्षेत्र में सोमवार सुबह प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सुबह करीब 5 बजे से नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से दुकानदारों और मकान मालिकों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी जा रही थी। कई लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया, लेकिन बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने चबूतरे, टीन शेड, अस्थायी दुकानें और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुबह से ही कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।
प्रशासन का कहना है कि सदर रोड में लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। पैदल राहगीरों, वाहन चालकों और यहां तक कि एम्बुलेंस को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की चौड़ाई कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा था।
हालांकि इस कार्रवाई से कुछ व्यापारियों को अस्थायी नुकसान और असुविधा का सामना करना पड़ा है, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कदम सार्वजनिक हित और शहर के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, सड़क चौड़ी दिखाई देगी और बाजार क्षेत्र अधिक व्यवस्थित बन सकेगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर को व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


