गरियाबंद। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन सामग्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एस. उइके ने गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट (VVPAT) वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग प्रणाली तथा निगरानी तंत्र का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस में रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया। वेयरहाउस में चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की गई है, जिसकी कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया।
कलेक्टर श्री उइके ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन सामग्री लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए इसकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जाते रहेंगे, ताकि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा और पारदर्शिता बनी रहे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



