21 दिन में दुनियाभर से ₹1,755.60 करोड़ की कमाई, रणबीर कपूर की फिल्म अब 32.46 करोड़ रुपये दूर
राधे पटेल / मनोरंजन डेस्क। रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने रिलीज के 21 दिनों में दुनियाभर में 1,755.60 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ फिल्म ने अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथा स्थान हासिल कर लिया है।

अब फिल्म की नजर एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ के रिकॉर्ड पर है। इसे पीछे छोड़ने के लिए रामायण को अभी 32.46 करोड़ रुपये और कमाने होंगे।
21वें दिन कमाई में आई 45 फीसदी की गिरावट
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने बुधवार यानी 25 नवंबर को भारत में करीब 15,700 शोज से 9.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। रिलीज के बाद पहली बार फिल्म की एक दिन की कमाई 10 करोड़ रुपये से नीचे आई है।
भाषाई संस्करणों की बात करें तो हिंदी में सबसे ज्यादा 6.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई। मलयालम में 1.10 करोड़, कन्नड़ में 75 लाख, तमिल में 70 लाख और तेलुगु में 30 लाख रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया गया।
इससे एक दिन पहले मंगलवार को फिल्म ने 17.50 करोड़ रुपये कमाए थे। ऐसे में बुधवार की कमाई में करीब 45.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
भारत में 982 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन
21 दिनों के कारोबार के बाद फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 982.55 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं भारत में ग्रॉस कलेक्शन 1,173.60 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। विदेशी बाजारों से फिल्म ने 582 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया है। इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 1,755.60 करोड़ रुपये हो गई है।
पुष्पा 2 को पछाड़ा, अब बाहुबली 2 की बारी
वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में रामायण ने पुष्पा 2 के 1,742.10 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
अब फिल्म के सामने बाहुबली 2 का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है। बाहुबली 2 ने दुनियाभर में 1,788.06 करोड़ रुपये कमाए थे। रामायण इस आंकड़े से केवल 32.46 करोड़ रुपये पीछे है।
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्में
- पहला स्थान – दंगल: 2,070.30 करोड़ रुपये
- दूसरा स्थान – धुरंधर 2: 1,813.39 करोड़ रुपये
- तीसरा स्थान – बाहुबली 2: 1,788.06 करोड़ रुपये
- चौथा स्थान – रामायण: 1,755.60 करोड़ रुपये
- पांचवां स्थान – पुष्पा 2: 1,742.10 करोड़ रुपये
क्या है फिल्म का बजट और हिट होने का गणित?
फिल्म के बजट और कमाई को लेकर भी चर्चा जारी है। ट्रेड एनालिस्ट सुमित कडेल के मुताबिक, किसी फिल्म के हिट या फ्लॉप होने का आकलन केवल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन से नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूटर शेयर और निवेश की रिकवरी से किया जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के पहले पार्ट का बजट 2,000 करोड़ रुपये बताया गया है। ऐसे में इतनी बड़ी लागत की भरपाई के लिए फिल्म को लंबा और मजबूत बॉक्स ऑफिस रन देना होगा।
रणबीर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। बड़े बजट और भव्य प्रस्तुति के चलते फिल्म रिलीज से पहले ही काफी चर्चा में थी। अब बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों की कतार में खड़ा कर रहे हैं।




