गरियाबंद में जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित, कलेक्टर रणबीर शर्मा ने साझा किया UPSC का अनुभव
गरियाबंद। विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय वीर सुरेंद्र साय महाविद्यालय गरियाबंद में मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के तहत जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निबंध लेखन केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति की सोच, समझ, तार्किक क्षमता और मानसिक योग्यता का भी आकलन होता है। नियमित निबंध लेखन का अभ्यास विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मदद करता है।
UPSC में निबंध के मिले थे 128 अंक
कलेक्टर शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्कूली जीवन से ही निबंध लेखन का अभ्यास शुरू हो जाता है। शुरुआत में गाय, दीपावली और गुरु जैसे सामान्य विषयों पर निबंध लिखने वाले विद्यार्थी धीरे-धीरे गंभीर विषयों को समझने और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में सक्षम बनते हैं।
उन्होंने अपनी UPSC परीक्षा की तैयारी का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगभग 3000 शब्दों तक के निबंध लिखने होते हैं। UPSC की निबंध परीक्षा में उन्हें 200 में से 128 अंक प्राप्त हुए थे, जबकि टॉपर को 130 अंक मिले थे। इस प्रदर्शन के साथ वे निबंध विषय में देश में दूसरे स्थान पर रहे।
विद्यार्थियों को बताए प्रभावी लेखन के तरीके
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निबंध लेखन की सही पद्धति, विषय की गहरी समझ विकसित करने, विचारों को क्रमबद्ध तरीके से प्रस्तुत करने और गुणवत्तापूर्ण लेखन के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और सही दिशा में मेहनत करने से लेखन क्षमता के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मतदाता साक्षरता क्लब की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
मतदान के महत्व पर आधारित रही प्रतियोगिता
निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘मतदान का महत्व एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की आवश्यकता’ रखा गया था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाता और शुद्ध मतदाता सूची की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, महाविद्यालय के प्राचार्य, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।




