अधिकारियों के वाहनों की निगरानी करने वालों पर कार्रवाई की मांग, रात 10 बजे के बाद संदिग्ध गतिविधियों पर भी रहेगी नजर
गरियाबंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान तस्करी रोकने के लिए देवभोग प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। अब प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों की रेकी करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में देवभोग एसडीएम टीआर माहेश्वरी ने थाना प्रभारी देवभोग को पत्र लिखकर ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अवैध धान परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। इसी दौरान एसडीएम, तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों की रेकी किए जाने की आशंका को गंभीरता से लिया गया है। प्रशासन को आशंका है कि अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखकर अवैध धान परिवहन में संलिप्त लोग कार्रवाई से बचने की कोशिश कर सकते हैं।
रात 10 बजे के बाद घूमने वालों पर रहेगी नजर

एसडीएम ने पुलिस से रात 10 बजे के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों पर निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशासन का उद्देश्य रात के समय होने वाले अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
ओडिशा सीमा से धान तस्करी रोकने प्रशासन की निगरानी
देवभोग क्षेत्र ओडिशा की सीमा से लगा हुआ है। धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्य से धान लाकर छत्तीसगढ़ के उपार्जन केंद्रों में खपाने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सीमावर्ती मार्गों और संदिग्ध वाहनों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
पत्राचार के बाद तस्करी पर कार्रवाई की तैयारी
प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों की रेकी और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस से कार्रवाई की मांग के बाद धान तस्करी के खिलाफ अभियान को और सख्त किए जाने के संकेत मिले हैं। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अवैध धान परिवहन पर कितना अंकुश लग पाता है।



