दर्रीपारा में देर रात तक चला सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनुराधा की टीम ने मारी बाजी; विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
गरियाबंद। दीपावली के पावन अवसर पर पुरानी बस्ती दर्रीपारा में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सुवा नृत्य एवं डीजे डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों और युवाओं ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। देर रात तक चले आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व सरपंच राजू लाल नेताम रहे। अध्यक्षता ग्राम प्रमुख बिसाहू राम नेताम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भूतपूर्व सैनिक नंदकुमार साहू, खिलेश कुमार नेताम, मोहित नेताम, हेमीन बाई नेताम, खगेश्वर नेताम, अनिरुद्ध मंडावी, मंगलू राम ध्रुव एवं भोलाराम नेताम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भगवान गणेश एवं मां लक्ष्मी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।
पारंपरिक सुवा नृत्य के साथ डीजे की धुन पर थिरके बच्चे

प्रतियोगिता में सुवा गीत, सुवा नृत्य, आदिवासी गीत, बस्तरिया मोर संगवारी, देवता नाच, नानपन के संगवारी, खन-खन बइला के घुंघरू, रिमिक्स गाना, मन के मंजूरवा, प्रेम रंग में, सिटीक साय रिलो, रानी के फुंदरा ला राजा धरे गहना एवं शिव विवाह सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
पारंपरिक सुवा नृत्य ने दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया। वहीं देवता नाच और शिव विवाह की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली। दूसरी ओर आधुनिक डीजे गीतों पर बच्चों और युवाओं के नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अनुराधा की टीम प्रथम, खुशबू की टीम दूसरे स्थान पर

प्रतियोगिता में गौरी-गौरा की प्रस्तुति देने वाली अनुराधा एवं उनकी साथी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रिमिक्स सांग पर प्रस्तुति देने वाली खुशबू एवं उनकी साथी द्वितीय स्थान पर रहीं। सिटीक साय रिलो पर नृत्य प्रस्तुत करने वाली पूर्वी एवं उनकी साथी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को क्रमशः प्रथम पुरस्कार के रूप में 1,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 500 रुपए और तृतीय पुरस्कार 250 रुपए प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन में युवाओं और ग्रामीणों का रहा सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में वासुदेव मंडावी, नवीन वल्मीक, राहुल नेताम, लिटन सरकार, प्रियांशु ध्रुव, छत्तीस देवांगन, देबी नेताम, रोहित नेताम, भागवत नेताम, लक्की नेताम, शिवानंद ध्रुव, सुभाष ध्रुव, ईशु नेताम, नरेश नेताम, हुमेश्वर नेताम, भूपेंद्र मरकाम, हेमंत मंडावी, सुरेन्द्र ध्रुव, मिथुन नेताम, टिकेश्वर साहू, विनोद नेताम एवं युगल नेताम सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
दीपावली के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच दिया। साथ ही पारंपरिक लोककला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और गांव में सामाजिक एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का संदेश भी दिया।


