पुरानी रंजिश में परिवार के सामने किया हमला; तीन महीने पहले हुए विवाद का बदला लेने की बात आई सामने
रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार शाम दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना माना थाना क्षेत्र की है, जहां तीन नाबालिगों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब युवक अपने परिजनों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर निकल रहा था। गंभीर हालत में उसे मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया है।
संप्रेक्षण गृह से निकलते ही घेरा
मृतक की पहचान सावन सेन निवासी अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मुलाकात करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकला, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के रहने वाले तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया।
इसके बाद आरोपियों ने सावन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
तीन महीने पुराने विवाद का बदला लेने की बात
पुलिस की पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।
इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सावन पर हमला करने की योजना बनाई थी। बुधवार को उसके माना पहुंचने की जानकारी मिलने पर तीनों ने वारदात को अंजाम दिया।
मेकाहारा में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल सावन को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और तीन महीने पहले हुए हमले की भूमिका की जांच की जा रही है।





