ओडिशा से आरोपियों को पकड़कर जेल पहुंचाने में निभाई थी अहम भूमिका, वन्यप्राणी संरक्षण एवं वानिकी प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए कलेक्टर ने दिया प्रशस्ति पत्र
गरियाबंद। वन्यप्राणियों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले वनरक्षक लम्बोदर सोरी को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड गरियाबंद में आयोजित समारोह में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
तेंदुए के अवैध शिकार मामले में दिखाई थी बहादुरी
वन्यप्राणी संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लम्बोदर सोरी ने तेंदुए के अवैध शिकार के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मामले से जुड़े आरोपियों को ओडिशा राज्य से पकड़ने की कार्रवाई में अहम योगदान दिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराने में उनकी भूमिका सराहनीय रही। उनकी इस कार्रवाई को वन्यप्राणियों के संरक्षण और अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग की मुहिम में महत्वपूर्ण माना गया।
देवभोग परिक्षेत्र में निभा रहे जिम्मेदारी
लम्बोदर सोरी वर्तमान में वन विभाग में परिसर रक्षक के रूप में धूमरगुड़ा, धूपकोट एवं इंदागांव (देवभोग) परिक्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध शिकार पर नियंत्रण और वन संरक्षण के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें सम्मान के लिए चुना गया।
कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया मनोबल
राज्योत्सव के मंच पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने लम्बोदर सोरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान वन विभाग के उन मैदानी कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा है, जो जंगलों और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए विषम परिस्थितियों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
मंत्री टंकराम वर्मा रहे मुख्य अतिथि
जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष रिखीराम यादव, कलेक्टर रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के कार्यों को प्रोत्साहित किया गया।




