गरियाबंद। नशा मुक्त भारत और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में गरियाबंद पुलिस के प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने जिले का गौरव बढ़ाया है। थाना राजिम में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी ने छत्तीसगढ़ पुलिस की बाइक रैली टीम का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सहभागिता निभाई।
देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की सहभागिता वाली यह रैली गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंची। यहां 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य एकता परेड में प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी शामिल हुए। रैली के माध्यम से देशभर में नशा मुक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
एसपी ने दी बधाई और शुभकामनाएं
प्रधान आरक्षक रविन्द्र गिरी की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होकर नशा मुक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है।
एसपी ने उम्मीद जताई कि रविन्द्र गिरी की इस उपलब्धि से जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान भी प्रेरित होंगे तथा राष्ट्र सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में आगे बढ़कर योगदान देंगे।


