गरियाबंद | गरियाबंद जिले में चक्रवाती तूफान अर्नव के प्रभाव से हुई बारिश और तेज आंधी के कारण किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में पकने की कगार पर पहुंच चुकी धान की फसल तेज हवाओं के चलते गिरकर जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भीरालाट के किसान रोहित नेताम पिता हिंछा राम नेताम की दो एकड़ तथा रामगुलाल पिता मंगल सिंह की पांच एकड़ में लगी धान की फसल गिरकर जमीन पर बिछ गई है। वहीं ग्राम कोसमी में भी कई किसानों की धान की फसल आंधी-बारिश की चपेट में आकर प्रभावित हुई है।
प्रभावित किसानों में श्रीमती चंद्रकला साहू, तानसेन साहू, फिरत राम ध्रुव पुजारी,बृजलाल ध्रुव, विष्णु राम ध्रुव, यशवंत ठाकुर, गिरीश कुमार यादव, महेश्वर कुमार साहू, राजूलाल ध्रुव, मोहनलाल ध्रुव, साधुराम ध्रुव, लाल सिंह ध्रुव एवं चंद्रर सिंह ध्रुव के नाम शामिल हैं।
किसानों का कहना है कि धान की फसल पककर तैयार होने की स्थिति में थी। ऐसे समय में अचानक आई आंधी और बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसल गिरने से कटाई में परेशानी के साथ-साथ उत्पादन प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।
प्रभावित किसानों ने प्रशासन एवं कृषि विभाग से खेतों का सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करने तथा नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।


