गरियाबंद। में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत इस बार भव्य स्वागत और धार्मिक आयोजनों के साथ हुई। जय स्तंभ चौक पर मां दुर्गा की प्रतिमा के आगमन के दौरान आतिशी रोशनी, रंगीन कंफेटी और बबल इफेक्ट ने लोगों का ध्यान खींचा। सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति, गांधी मैदान की ओर से किए गए इस स्वागत को देखने के लिए चौक पर लोगों की भीड़ जुटी।
रविवार को कुम्हारपारा से बाजे-गाजे और डीजे के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर निकले श्रद्धालु जय स्तंभ चौक पहुंचे। रास्ते में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। चौक पर विशेष स्वागत की व्यवस्था की गई थी। पायरो व्हील और स्पार्कुलर से निकली रोशनी के साथ इलेक्ट्रिक कंफेटी और पेपर ब्लास्टर से रंगीन कागज हवा में बिखरे। बबल मशीन से निकलते बुलबुलों ने आयोजन को अलग दृश्यात्मक पहचान दी।
भव्य स्वागत के साथ महाआरती
आतिशी रोशनी और आधुनिक इफेक्ट के बीच आयोजन का केंद्र मां दुर्गा की आराधना रही। श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति ने गांधी मैदान में प्रतिमा स्थापित की, जहां नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और आरती के कार्यक्रम होंगे।
समिति की ओर से पंचमी से नवमी तक रास गरबा आयोजित करने की भी तैयारी है। इससे नवरात्रि के दौरान शहर में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी।
शहर के 14 स्थानों पर प्रतिमा स्थापना
नवरात्रि पर गरियाबंद के अलग-अलग मोहल्लों में भी उत्सव शुरू हो गया है। गांधी मैदान के अलावा यादव पारा, बजरंग चौक, कुम्हारपारा, संतोषी मंदिर, शिक्षक नगर, शारदा चौक, गाड़ा पारा, सिविल लाइन, फॉरेस्ट कॉलोनी, रावण भाटा, डाक बंगला और पैरी कॉलोनी में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
पंडालों में पूजा-अर्चना शुरू होने के साथ ही शहर में नवरात्रि की रौनक बढ़ गई है। अगले नौ दिनों तक गरियाबंद में धार्मिक कार्यक्रमों, आरती और गरबा आयोजनों के जरिए उत्सव जारी रहेगा।




