80 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के बीच हादसा; डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
देवभोग। जिले में पिछले करीब 80 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच देवभोग में सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे सुनील इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पास तेज रफ्तार बाइक ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग और बाइक सवार युवक घायल हो गए।
बाइक सवार की पहचान केंदूपाटी निवासी खेमराज यादव के रूप में बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।
बुजुर्ग की हालत गंभीर
बीएमओ प्रकाश साहू ने बताया कि हादसे में घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक सवार खेमराज यादव भी घायल है और उसका भी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। फिलहाल बुजुर्ग की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
नशे में होने की चर्चा, पुष्टि नहीं
स्थानीय लोगों के बीच बाइक सवार युवक के शराब के नशे में होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।
112 टीम ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात हुमेश ध्रुव और उनके सहयोगी राहुल कुमार कश्यप तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना देरी किए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है।



