मैनपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ग्राम पंचायत जंगल धवलपुर के आश्रितह ग्राम जरनडीही में हालात बेहद खराब हो चुके हैं। गांव बारिश के दिनों में पूरी तरह से टापू में तब्दील हो जाता है। आवागमन का कोई साधन न होने के कारण पिछले 8 दिनों से गंभीर रूप से बीमार यशोदा बाई को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी। ग्रामीणों ने उफनती बाकड़ी पैरी नदी में टायर ट्यूब के सहारे महिला को तैरकर पार कराया और फिर अपने निजी वाहन से उच्च चिकित्सा के लिए राजिम ले गए।
8 दिन से नदी पार करने का कर रहे थे इंतजार
यशोदा बाई पिछले 8 दिनों से बीमार थीं, लेकिन नदी में भारी बाढ़ होने के कारण वह इलाज के लिए नदी के इस पार नहीं आ पा रही थीं। जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के थमने के बाद भी पानी का स्तर कम नहीं हुआ। अंततः कोई विकल्प न बचने पर ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर गंभीर बीमारी से ग्रसित यशोदा बाई को ट्यूब के सहारे नदी पार कराई।
राशन के लिए भी जोखिम में डालते हैं जान
ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी इन बुनियादी समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन से गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई है। पुलिया न होने से रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। हालात यह हैं कि राशन और खाद्यान्न सामग्री के लिए भी लोगों को उफनते पानी को पार कर धवलपुर और जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ता है।
क्या कहते हैं अधिकारी
इंजीनियर सेतु शाखा फागुलाल कुर्रे ने बताया कि बाकड़ी पैरी नदी पर पुल निर्माण की समस्या को संज्ञान में लिया गया है। पुल निर्माण के लिए 9 करोड़ 71 लाख 58 हजार रुपये की राशि का प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर शासन को पिछले सप्ताह 09/09/2026 को भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।



