मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम भाठीगढ़ स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में गुरुवार को स्वर्गीय रामाधार शर्मा एवं स्वर्गीय विमला शर्मा की स्मृति में सम्मान एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सरोकार और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। रायपुर निवासी उनके सुपुत्र संजय शर्मा ने अपने माता-पिता की स्मृति में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। 
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले समारोह में क्षेत्रीय विधायक जनक ध्रुव मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य कवि सम्मेलन रहा। इसकी शुरुआत छत्तीसगढ़ी लोकधुन “नंदा जाही का रे, नंदा जाही का रे…” से हुई, जिसने पूरे विद्यालय परिसर को लोक-संस्कृति के रंग में रंग दिया। इसके बाद छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कवि मीर अली मीर ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं कवि संजय शर्मा “कबीर” ने ओज, प्रेरणा और सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत कविताओं का पाठ कर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में नई ऊर्जा का संचार किया। उनकी प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आमंत्रित कवयित्री नूतन साहू अपरिहार्य कारणों से समारोह में शामिल नहीं हो सकीं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। विद्यालय परिवार ने संजय शर्मा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य न केवल बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में शिक्षा, साहित्य और संस्कृति का प्रेरणादायी वातावरण देखने को मिला।





