धमतरी । मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के वरिष्ठ नागरिकों को इस वर्ष द्वारिका, सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा। समाज कल्याण विभाग ने पात्र हितग्राहियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक धमतरी जिले से तीर्थयात्रियों का दल गुजरात स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों द्वारिका धाम, सोमनाथ मंदिर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर रवाना होगा। इस यात्रा का आयोजन मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत किया जा रहा है।
योजना के लिए 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र आवेदक अपने संबंधित जनपद पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों के वरिष्ठजन नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत कार्यालयों से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन के साथ वर्तमान चिकित्सकीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। सभी पात्र आवेदकों को 24 जुलाई 2026 तक अपने संबंधित जनपद पंचायत अथवा नगरीय निकाय कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग ने जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि चयनित हितग्राही मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें।





