मैनपुर। बारिश के मौसम में फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा आवश्यक दवाइयों के उचित प्रबंधन को लेकर आज मैनपुर में एमटी मितानिन ब्लॉक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की मितानिनों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर चर्चा की।
बैठक में जिला समन्वयक चंद्रकांता साहू ने मितानिनों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में मलेरिया, डायरिया, डेंगू, वायरल बुखार सहित अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में मितानिनों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने सभी मितानिनों से घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, हाथ धोने की आदत और मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
बैठक में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं उनके उचित प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। मितानिनों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र में उपलब्ध दवाइयों का नियमित रिकॉर्ड संधारित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें, ताकि किसी भी गांव में दवाइयों की कमी न हो।
जिला समन्वयक चंद्रकांता साहू ने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य विभाग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। समय पर मरीजों की पहचान, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की नियमित निगरानी तथा गंभीर मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मौसमी बीमारियों की रोकथाम, जनजागरूकता अभियान, दवा वितरण व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान ब्लॉक की सभी मितानिनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया।





