मैनपुर। क्षेत्रीय विधायक जनक राम ध्रुव ने किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करने के उद्देश्य से ग्राम खोखमा एवं अमलीपदर आदिम जाति सहकारी सेवा समिति का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को प्रदान की जा रही सेवाओं, खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने समिति परिसर में मौजूद किसानों एवं समिति के पदाधिकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। किसानों ने खाद, बीज वितरण, कृषि संबंधी सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक जनक राम ध्रुव ने अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज एवं आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।
उन्होंने समिति में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए वितरण व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने विधायक के दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके हस्तक्षेप से क्षेत्र के किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा कृषि कार्यों में आने वाली परेशानियों का समाधान होगा।
विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही क्षेत्र के विकास का आधार है। इसलिए किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले और कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए प्रशासन को लगातार सतर्क रहना होगा।





