गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दीवानमुड़ा में एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका छबिता यादव (45 वर्ष), पति पूरित राम यादव, ग्राम दीवानमुड़ा में चाय और नाश्ते की टपरी संचालित करती थीं। बताया जा रहा है कि गांव के ही निवासी आरोपी देवी सिंह यादव (35 वर्ष), पिता गुणधर यादव, टपरी में नाश्ता करने पहुंचा था। जब महिला ने उससे नाश्ते के पैसे मांगे तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार ब्लेड से छबिता यादव की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतिका के पति पूरित राम यादव (47 वर्ष) और पुत्र हेमंत यादव (21 वर्ष) भी हमले में सामान्य रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उड़ीसा भागने की फिराक में था, लेकिन देवभोग पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है तथा आगे की विवेचना जारी है।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



