राधे पटेल / गरियाबंद
देवभोग, गरियाबंद जिले के देवभोग स्थित देवमाताश्री हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के बाद नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने हॉस्पिटल के सामने चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया।

बताया जा रहा है कि प्रसूता का अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था, लेकिन ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्त बहाव होने लगा। परिजनों का आरोप है कि समय पर सही इलाज और उचित व्यवस्था नहीं मिलने के कारण प्रसूता की मौत हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हॉस्पिटल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। साथ ही मृतिका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई जा रही है।
चक्का जाम के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और क्षेत्र में स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।



