राधे पटेल / गरियाबंद बागबाहरा। बस्ती बागबाहरा, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़) निवासी स्वर्गीय श्री रामधन पटेल, भूतपूर्व सैनिक के दशगात्र कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में पटेल समाज के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, रिश्तेदारों सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दशगात्र कार्यक्रम के दौरान वातावरण श्रद्धा, भक्ति और भावुकता से ओतप्रोत नजर आया। इस अवसर पर माधुरी महिला मानस परिवार, ग्राम नहरगांव जिला गरियाबंद द्वारा भक्ति एवं श्रद्धा से भरपूर सुंदर प्रस्तुति दी गई। मानस मंडली के भजन, रामायण पाठ एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय श्री रामधन पटेल के सरल, सौम्य एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके जीवन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एक भूतपूर्व सैनिक के रूप में देश सेवा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके व्यवहार एवं समाज के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त पटेल परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने स्वर्गीय श्री रामधन पटेल के प्रति समाज के सम्मान और प्रेम को दर्शाया।


